ट्रंप पर हमले से दुनिया में हड़कंप, नेतन्याहू बोले- “हत्या के प्रयास से स्तब्ध”
26 अप्रैल 2026
वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस डिनर कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई, जब एक हथियारबंद शख्स अचानक कार्यक्रम स्थल में घुस गया और अंदर मौजूद वीआईपी क्षेत्र की ओर बढ़ने लगा। मौके पर मौजूद अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे काबू में ले लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय वहां कई वरिष्ठ नेता, पत्रकार और अधिकारी मौजूद थे, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नेतन्याहू ने जताई चिंता, ट्रंप की सुरक्षा पर राहत
इस घटना पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि वह और उनकी पत्नी सारा इस हमले की खबर से स्तब्ध हैं, लेकिन उन्हें राहत है कि डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी सुरक्षित हैं। नेतन्याहू ने घायल पुलिसकर्मी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की तेज कार्रवाई की सराहना की।
हथियारों के साथ पकड़ा गया आरोपी, जांच जारी
सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी के पास से गन, चाकू समेत अन्य खतरनाक हथियार बरामद किए हैं। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसकी मंशा क्या थी और क्या वह किसी बड़े साजिश का हिस्सा था। इस घटना के बाद अमेरिका समेत वैश्विक स्तर पर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और कई देशों के नेताओं ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है।
Hindi 















































































































































































































































































































































































































