# Tags
#All #राज्य

राजधानी के भाटागांव बस स्टैंड में फैली गंदगी और दुर्गंध, नगर निगम बेखबर

16 मई 2026 | रायपुर

राजधानी रायपुर का भाटागांव स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT), जिसे करोड़ों रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया था, आज गंभीर बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही का शिकार नजर आ रहा है। बस स्टैंड परिसर में नालियों और सेप्टिक टैंक का गंदा पानी खुलेआम सड़कों, फुटपाथों और कार्यालयों के सामने बह रहा है, जिससे यात्रियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

परिसर के कई हिस्सों में गंदा पानी जमा होने से बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है। नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं और उनके ऊपर लगे कंक्रीट स्लैब टूटकर इधर-उधर बिखरे पड़े हैं। कई जगह खुले चैंबर और फैला मलबा हादसों को खुला निमंत्रण दे रहे हैं। रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही वाले इस बस स्टैंड में सुरक्षा और स्वच्छता दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

स्थानीय दुकानदारों, बस ऑपरेटरों और कर्मचारियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम प्रशासन को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद कोई सुध लेने वाला नहीं है।

नालियों में प्लास्टिक, कचरा और कीचड़ जमा होने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो चुकी है। इसके कारण गंदा पानी ओवरफ्लो होकर मुख्य रास्तों तक फैल रहा है। गर्मी के मौसम में यह स्थिति और भी खतरनाक बन गई है, जिससे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

राजधानी के मुख्य प्रवेश द्वार माने जाने वाले ISBT की यह स्थिति नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद यदि यात्रियों को साफ-सफाई, सुरक्षित वातावरण और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, तो यह पूरी व्यवस्था की बड़ी विफलता मानी जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *