# Tags
#All #राष्ट्रीय #शिक्षा

NEET-UG 2026 पेपर लीक केस में दो मास्टरमाइंड गिरफ्तार, तीसरी गिरफ्तारी की तैयारी तेज

16 मई 2026 | नई दिल्ली

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच के दौरान बड़े खुलासे सामने आए हैं। जांच एजेंसी ने इस मामले के दो कथित मास्टरमाइंड – रिटायर्ड केमिस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी और बॉटनी लेक्चरर मनीषा गुरुनाथ – को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी NTA की परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर जुड़े हुए थे और आरोप है कि इन्होंने परीक्षा से पहले छात्रों तक प्रश्नपत्र और उत्तर पहुंचाने के लिए एक संगठित सिंडिकेट तैयार किया था।

ऐसे चलता था पूरा सिंडिकेट

सीबीआई जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने पुणे की रहने वाली मनीषा वाघमारे के जरिए यह नेटवर्क संचालित किया। मनीषा वाघमारे कथित तौर पर संपन्न परिवारों के छात्रों को जोड़ने का काम करती थी। इसके बाद छात्रों के लिए अलग-अलग “स्पेशल क्लास” आयोजित की जाती थी, जहां लीक प्रश्नपत्रों और उनके उत्तरों की तैयारी कराई जाती थी।

जांच एजेंसियों के मुताबिक पीवी कुलकर्णी ने कुछ छात्रों को संभावित प्रश्न और उनके उत्तर हैंडबुक में नोट तक कराए थे। वहीं मनीषा गुरुनाथ पर भी इसी नेटवर्क के जरिए छात्रों को पेपर उपलब्ध कराने का आरोप है।

NTA से जुड़े होने के कारण बढ़ा शक

जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी NTA के लिए कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर परीक्षा विशेषज्ञ के रूप में काम कर चुके थे। इसी वजह से उन्हें प्रश्नपत्र तैयार करने वाली प्रक्रिया तक पहुंच मिलने की आशंका जताई जा रही है। सीबीआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

जल्द हो सकती है तीसरी बड़ी गिरफ्तारी

सीबीआई सूत्रों के अनुसार, इस मामले में जल्द ही एक और बड़ी गिरफ्तारी हो सकती है। जांच एजेंसी को मनीषा वाघमारे के जरिए कई अहम सुराग और डिजिटल सबूत मिले हैं। उसका बैंक अकाउंट भी सीज कर दिया गया है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।

कोर्ट में पेश किए गए आरोपी

सीबीआई ने दोनों आरोपियों को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया और पूछताछ के लिए 14 दिन की रिमांड मांगी है। एजेंसी का कहना है कि यह मामला सिर्फ पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार परीक्षा प्रणाली से जुड़े बड़े संगठित नेटवर्क से जुड़ सकते हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *