रायपुर,20 नवंबर 2026
विदेश में अच्छी नौकरी और बेहतर भविष्य का सपना लेकर रूस गए छत्तीसगढ़ के दो युवक अब वहां मुश्किलों में फंस गए हैं। रायपुर निवासी टिकेश्वर साहू (38) और बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे (21) के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों को नौकरी का झांसा देकर रूस बुलाया गया और अब उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। परिवारों का दावा है कि युवकों पर ड्रग्स के मामले में फंसाने और रूसी सेना में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। परिजनों ने भारत सरकार से दोनों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की मांग की है।
टेलीग्राम पर मिला नौकरी का ऑफर, रूस पहुंचने के बाद बिगड़े हालात
बिलासपुर जिले के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे की बहन आशी दुबे के मुताबिक, विनीत को टेलीग्राम के माध्यम से रूस में नौकरी का ऑफर मिला था। उन्हें एक दुकान के स्टोरेज रूम में काम करने की जानकारी दी गई थी। नौकरी देने वालों ने टिकट और वीजा की व्यवस्था भी करने की बात कही थी। विनीत 1 अक्टूबर को रूस पहुंचे और शुरुआत में परिवार के संपर्क में रहे।
कुछ दिन बाद विनीत ने अपनी बहन से भारत लौटने की इच्छा जताई और जरूरत पड़ने पर पैसों की मांग करने की बात कही। बहन ने उन्हें 70 से 75 हजार रुपये भेजने की पेशकश की, लेकिन विनीत ने कहा कि जरूरत पड़ने पर बताएंगे। इसके बाद परिवार का उनसे संपर्क टूट गया।
बहन का आरोप है कि बाद में एक युवक ने संपर्क कर बताया कि विनीत पर नारकोटिक्स यानी ड्रग्स का मामला दर्ज किया गया है और उन्हें रूसी सेना में शामिल होने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। वकील की व्यवस्था कराने के नाम पर एक अनजान नंबर से सात लाख रुपये भी मांगे गए, लेकिन परिवार ने रकम नहीं दी।
आत्महत्या की खबर सुनकर पिता को आया हार्ट अटैक
परिवार के मुताबिक, 27 अक्टूबर को विनीत के पिता को फोन कर बताया गया कि उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली है। यह खबर सुनकर पिता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। हालांकि, बाद में विनीत ने खुद अपनी बहन से संपर्क कर आत्महत्या की खबर को गलत बताया।
विनीत ने वीडियो जारी कर भारत सरकार से मदद की अपील की है। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया है कि भारतीयों को नौकरी के नाम पर रूस बुलाया जा रहा है। एयरपोर्ट के पास कुछ लोग उन्हें लेने पहुंचते हैं और बाद में काम के बारे में जानकारी देते हैं। काम से इनकार करने पर बंदूक दिखाकर गोली मारने की धमकी दी जाती है। विनीत का दावा है कि वहां कई भारतीयों के अलावा दूसरे देशों के नागरिक, विद्यार्थी और पर्यटक भी ऐसी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
रायपुर के टिकेश्वर साहू भी रूस में डिटेन, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
रायपुर के गुढ़ियारी श्रीनगर निवासी टिकेश्वर साहू (38) भी रूस में फंसे हुए हैं। उनकी पत्नी मनोरमा साहू के अनुसार, टिकेश्वर को सेल्स एंड मार्केटिंग में 17 साल का अनुभव है और वे करीब 10 साल पहले दुबई में भी नौकरी कर चुके हैं। इस बार उन्हें टेलीग्राम के जरिए रूस में नौकरी का ऑफर मिला था। कंपनी ने अच्छा पैकेज देने के साथ दिल्ली से मॉस्को और फिर वोल्गोग्राद तक टिकट, वीजा और रहने की व्यवस्था करने की बात कही थी।
टिकेश्वर 7 सितंबर 2026 को रूस रवाना हुए थे। उन्होंने परिवार को बताया था कि पहले इंटरव्यू देकर नौकरी की स्थिति समझेंगे। काम पसंद आने पर रुकेंगे, अन्यथा 23 सितंबर की वापसी टिकट से भारत लौट आएंगे। लेकिन कुछ समय बाद परिवार का उनसे संपर्क बंद हो गया।
मनोरमा के मुताबिक, 22 अक्टूबर को रूस के एक नंबर से फोन आया, जिसमें टिकेश्वर रोते हुए दिखाई दिए। उनका चेहरा सूजा हुआ था और उन्होंने बताया कि रूसी पुलिस ने उन्हें ड्रग्स के मामले में फंसा दिया है। उन्हें 15 से 20 साल की सजा होने की बात कही जा रही है।
परिवार ने रूस में पढ़ने वाले भारतीय छात्रों की मदद से वकील की व्यवस्था की। वकील के माध्यम से पता चला कि टिकेश्वर को वोल्गोग्राद में डिटेन किया गया है। पत्नी का आरोप है कि वकील को उनसे मिलने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। 25 अक्टूबर को मुलाकात के दौरान टिकेश्वर ने बताया कि 22 अक्टूबर से उनकी तबीयत खराब है। उन्हें हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड और साइटिका की समस्या है, लेकिन परिवार का आरोप है कि उन्हें नियमित दवाइयां भी नहीं दी जा रही हैं।
गिरफ्तारी और एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने का आरोप
मनोरमा साहू का कहना है कि उनकी वकील ने रूसी अधिकारियों से टिकेश्वर की गिरफ्तारी की जगह, परिस्थितियों और उनके पास से बरामद सामान की जानकारी मांगी। गिरफ्तारी और एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज भी मांगे गए, लेकिन परिवार के मुताबिक ये जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। पत्नी ने आरोप लगाया है कि ड्रग्स केस में सजा की धमकी देकर टिकेश्वर को रूसी सेना में शामिल होने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
दोनों परिवारों ने भारत सरकार से मांगी मदद
दोनों युवकों के परिजनों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय पुलिस, प्रशासन, मंत्रालय और संबंधित अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचाई है। भारतीय और रूसी दूतावास को भी ईमेल भेजे गए हैं। हालांकि, परिवारों का आरोप है कि अब तक उन्हें युवकों की सुरक्षा और भारत वापसी को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
मनोरमा साहू ने बताया कि उनके परिवार में दो बेटियां और बुजुर्ग सास-ससुर हैं। वहीं, विनीत की बहन आशी दुबे के परिवार में भी पिता की तबीयत खराब रहती है। दोनों परिवारों ने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप करने, युवकों की स्थिति का पता लगाने, कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील की है।


