# Tags
#All #Crime #People

बस्तर में जंगल पर कब्जे की साजिश नाकाम, 14 ग्रामीण गिरफ्तार; वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

image 2026 04 19T183623.916

जगदलपुर, 19 अप्रैल 2026

बस्तर जिले के माचकोट वन परिक्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश को वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विफल कर दिया है। दो अलग-अलग वन अपराध मामलों में कुल 14 ग्रामीणों को गिरफ्तार किया गया है, जो सुकमा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई

वन विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि बाहरी लोग कुल्हाड़ी लेकर अंदरूनी जंगलों में घूम रहे हैं और पेड़ों की कटाई कर जमीन खाली करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद विभागीय टीम ने गुप्त निगरानी और रेकी शुरू की। जांच में सामने आया कि एक गिरोह सुनियोजित तरीके से जंगल की भूमि पर कब्जा करने की योजना बना रहा था।

दबिश देकर 14 आरोपियों को पकड़ा

वन अमले ने मौके पर दबिश देते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार गिरोह का सरगना नागेश पहले भी इसी तरह के मामले में पकड़ा जा चुका है और रिहाई के बाद फिर से ग्रामीणों को बहला-फुसलाकर अतिक्रमण के लिए ला रहा था।

पहले भी दी जा चुकी थी चेतावनी

वन विभाग ने बताया कि पिछले एक वर्ष में 28 से 30 बाहरी लोगों को पकड़कर चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद अवैध गतिविधियां जारी थीं।

कड़ी धाराओं में केस दर्ज, सभी जेल भेजे गए

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगल की जमीन पर अवैध कब्जे की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *