4 विकेट लेने के बाद भुवनेश्वर कुमार ने जड़ा मैच विनिंग छक्का, बने RCB के सबसे बड़े हीरो
11 मई 2026 | रायपुर
आईपीएल 2026 में रविवार रात खेले गए रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ की रेस में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। इस हाई-वोल्टेज मैच के सबसे बड़े हीरो अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार रहे, जिन्होंने पहले गेंद से कहर बरपाते हुए 4 विकेट झटके और फिर आखिरी ओवर में मैच जिताने वाला छक्का लगाकर टीम को यादगार जीत दिलाई। जीत के लिए अंतिम 3 गेंदों पर 9 रन की जरूरत थी, तभी भुवनेश्वर कुमार ने युवा गेंदबाज राज बावा की गेंद पर कवर के ऊपर शानदार छक्का जड़कर मुकाबले का रुख पूरी तरह बदल दिया।
भुवनेश्वर कुमार ने गेंदबाजी में 4 ओवर में 23 रन देकर 4 बड़े विकेट अपने नाम किए। उन्होंने रोहित शर्मा को अपनी शानदार नकल बॉल पर आउट किया, जबकि अगली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव का विकेट लेकर मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका दिया। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद भुवनेश्वर ने कहा कि उनके लिए विकेटों से ज्यादा अहम वह छक्का था जिसने टीम को जीत दिलाई।
भुवनेश्वर कुमार इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। 21 विकेटों के साथ वह फिलहाल पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे भुवी ने अपनी सफलता का श्रेय मोटिवेशन नहीं बल्कि अनुशासन और लगातार मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि घरेलू क्रिकेट, यूपी टी20 और सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में लगातार मेहनत करने का फायदा अब आईपीएल में देखने को मिल रहा है।
दूसरी ओर मुंबई इंडियंस के लिए यह हार बेहद निराशाजनक रही। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आखिरी ओवर अनुभवी गेंदबाज के बजाय युवा राज अंगद बावा को सौंपने का फैसला किया, जो टीम पर भारी पड़ गया। हार के बाद सूर्यकुमार यादव ने माना कि उनकी टीम 10 से 15 रन कम बना सकी और यही मुकाबले का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इस हार के साथ मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 14 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































