# Tags
#All #अपराध / कानून #मनोरंजन

किसी को आहत करना मकसद नहीं था, ‘सरके चुनर’ विवाद पर नोरा फतेही ने मांगी माफी

07 मई 2026 | नई दिल्ली

फिल्म KD: The Devil के विवादित गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर बढ़े विवाद के बीच अभिनेत्री नोरा फतेही पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आईं। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) द्वारा समन जारी किए जाने के बाद नोरा बुधवार सुबह जसोला स्थित NCW कार्यालय पहुंचीं, जहां पूछताछ के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए माफी मांगी।

नोरा फतेही ने कहा कि एक कलाकार के तौर पर उन्हें अपनी जिम्मेदारी का एहसास है और उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि इस पूरे विवाद के बाद उन्होंने अनाथ बच्चियों की पढ़ाई का खर्च उठाने का फैसला किया है।

गौरतलब है कि फिल्म KD: The Devil के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विवाद खड़ा हो गया था। कई लोगों और संगठनों ने गाने के बोल और डांस मूव्स को अश्लील बताते हुए विरोध दर्ज कराया था। इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए नोरा फतेही, संजय दत्त, गीतकार रकीब आलम, निर्माता वेंकट के. नारायण और निर्देशक किरण कुमार को समन जारी किया था।

आयोग ने भारतीय न्याय संहिता, IT एक्ट और POCSO एक्ट के तहत गाने के कंटेंट और विजुअल्स पर गंभीर आपत्ति जताई थी। मामले को लेकर संसद में भी चर्चा हुई थी, जिसके बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में जानकारी दी थी कि विवाद और शिकायतों के बाद इस गाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

विवाद के बाद सोशल मीडिया पर गाने को लेकर लगातार बहस जारी रही। आलोचकों का आरोप था कि गाने में महिलाओं को आपत्तिजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया, जबकि समर्थकों ने इसे केवल मनोरंजन का हिस्सा बताया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *