# Tags
#All #People

छत्तीसगढ़ में 2 चरणों में होगी जनगणना, 62,500 कर्मचारी तैनात; पहली बार पूरी प्रक्रिया होगी डिजिटल

Raipur Jangadna

रायपुर, 13 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ में जनगणना इस बार दो चरणों में पूरी की जाएगी, जिसमें पहली बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। राज्यभर में इसके लिए 62,500 अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। आम नागरिकों को भी स्वयं ऑनलाइन जानकारी भरने का विकल्प दिया गया है।

16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना का विकल्प

जनगणना की प्रक्रिया के तहत 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिक स्वयं ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे। इसके बाद प्रत्येक व्यक्ति के लिए एक यूनिक SE ID जनरेट की जाएगी और प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे।

पहले चरण में पूछे जाएंगे 33 सवाल

पहले चरण में घर-घर सर्वे के दौरान करीब 33 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें मकान, परिवार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी शामिल होगी। यह पूरी प्रक्रिया मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में पूरी की जाएगी।

किन-किन विषयों पर होगी पूछताछ

जनगणना के दौरान मुख्य रूप से इन बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी—

  • मकान की स्थिति: फर्श, दीवार, छत, उपयोग और हालत
  • परिवार की जानकारी: कुल सदस्य, मुखिया, सामाजिक वर्ग, कमरों की संख्या
  • सुविधाएं: पानी, बिजली, शौचालय, रसोई, ईंधन
  • डिजिटल संसाधन: मोबाइल, टीवी, इंटरनेट, कंप्यूटर
  • वाहन और अन्य: साइकिल, बाइक, कार और उपभोग की जानकारी

गलत जानकारी देने पर कार्रवाई

जनगणना अधिनियम 1948 के तहत सभी नागरिकों के लिए सही जानकारी देना अनिवार्य है। गलत जानकारी देने या सहयोग न करने पर 1,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

प्रदेशभर में बड़े स्तर पर तैयारी

जनगणना के लिए राज्य के 33 जिलों, 195 नगरीय निकायों, 252 तहसीलों और लगभग 19,978 गांवों में सर्वे किया जाएगा। इसके लिए करीब 49,000 ब्लॉक बनाए गए हैं। 16 अप्रैल से टोल फ्री नंबर 1855 भी जारी किया जाएगा।

प्रवासियों की गणना मूल निवास के आधार पर

यदि कोई व्यक्ति दूसरे राज्य से आकर छत्तीसगढ़ में रह रहा है, तो उसकी जनगणना उसके मूल निवास स्थान के आधार पर की जाएगी।

दूसरे चरण में होगी जातिगत जनगणना

अधिकारियों के अनुसार, यह आजादी के बाद की आठवीं जनगणना होगी और दूसरे चरण में जातिगत जनगणना भी की जाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *