रायपुर, 08 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर कौशल प्रशिक्षण और योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला-2026 का उत्साहपूर्ण समापन हुआ।
7 और 8 अक्टूबर को आयोजित रोजगार मेले में प्रदेशभर से 13 हजार से अधिक युवाओं ने सहभागिता की। विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रियाओं के बाद 5 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ। मुख्यमंत्री श्री साय ने लगभग 1,100 चयनित युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए।
युवाओं के सपनों को अवसरों से जोड़ रही सरकार
मुख्यमंत्री श्री साय ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि रोजगार का यह अवसर उनके जीवन में नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर अपने ही प्रदेश में मिलें और वे अपने कौशल एवं प्रतिभा के बल पर आत्मनिर्भर बनें।
पिछले ढाई वर्षों में प्रदेशभर में 925 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया है, जिनके माध्यम से 25 हजार 845 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण भी जरूरी है।
95 से अधिक नियोक्ता संस्थानों ने दिए रोजगार के अवसर
राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 95 से अधिक पंजीकृत नियोक्ता संस्थानों के साथ विभिन्न कंपनियों ने सहभागिता की। आयोजन स्थल पर करीब 50 स्टॉल लगाए गए, जहां अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार और चयन की प्रक्रिया संचालित हुई।
मेले में आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग और स्नातक सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
ई-रोजगार पोर्टल बनेगा ‘स्किल मार्केट’
रोजगार मेले में अभ्यर्थियों के पंजीयन, आवेदन, उपस्थिति और चयन की प्रक्रियाएं ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित की गईं। राज्य सरकार अब इस पोर्टल को ‘स्किल मार्केट’ के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है।
इस डिजिटल मंच पर उद्योगों की आवश्यकताओं, रिक्त पदों तथा युवाओं की शैक्षणिक योग्यता और कौशल से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी। इससे युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप अवसर खोजने में सुविधा मिलेगी और उद्योगों को जरूरत के अनुसार कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेगा।
रोजगार नहीं मिला तो निराश होने की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री श्री साय ने उन युवाओं का भी उत्साहवर्धन किया, जिन्हें इस बार रोजगार नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। सरकार आगे भी रोजगार मेलों, कौशल विकास कार्यक्रमों और उद्योगों के साथ समन्वय के माध्यम से नए अवसर उपलब्ध कराती रहेगी।
तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उनके हुनर को रोजगार और आजीविका के वास्तविक अवसरों से जोड़ना है।
पॉलिटेक्निक संस्थानों की गुणवत्ता सुधार रिपोर्ट जारी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय की उपस्थिति में प्रदेश के पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में शिक्षा एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधार के लिए क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया की थर्ड पार्टी मूल्यांकन रिपोर्ट का विमोचन किया गया।
रिपोर्ट में पॉलिटेक्निक संस्थानों के शैक्षणिक स्तर, प्रशिक्षण व्यवस्था, अधोसंरचना और गुणवत्ता सुधार की संभावनाओं का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के सुझावों के आधार पर संस्थानों के समग्र विकास और प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सेवा संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि रोजगार मेला युवाओं को सीधे अवसरों से जोड़ते हुए सेवा और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला, युवा, किसान, श्रमिक और गरीब सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है।


