नर्मदापुरम के अभिज्ञान पुरोहित ने ISRO में किया कमाल, ऑल इंडिया रैंक-2 के साथ बने वैज्ञानिक
मध्य प्रदेश, 27 अप्रैल 2026
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के शोभापुर निवासी अभिज्ञान पुरोहित ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) की परीक्षा में ऑल इंडिया सेकंड रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनका चयन ‘साइंटिस्ट (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग)’ पद पर हुआ है। इस बड़ी सफलता के बाद पूरे जिले में खुशी का माहौल है और इसे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है।
नवोदय से शुरू हुआ सफर, अंतरिक्ष केंद्र दौरे से मिली प्रेरणा
अभिज्ञान ने अपनी स्कूली शिक्षा नवोदय विद्यालय पावरखेड़ा से पूरी की, जहां पढ़ाई के दौरान उड़ीसा के एक अंतरिक्ष केंद्र के शैक्षणिक दौरे ने उनके भीतर वैज्ञानिक बनने का सपना जगाया। उनके पिता राजेश पुरोहित शिक्षक और माता पियूष पुरोहित शिक्षिका हैं, जिनके मार्गदर्शन और समर्थन से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य ने उन्हें देश के शीर्ष वैज्ञानिक संस्थान तक पहुंचाया।
देश की सुरक्षा और नवाचार पर रहेगा फोकस
अपनी सफलता पर अभिज्ञान पुरोहित ने कहा कि वे ISRO में ऐसे नवाचार करना चाहते हैं, जिससे भारत की सुरक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूती मिल सके। उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी है। शोभापुर गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले अभिज्ञान अब युवाओं के लिए एक मिसाल बन गए हैं।
Hindi 




















































































































































































































































































































































































































