रायपुर, 22 नवंबर 2026

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। मेले में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में पुरातत्व विभाग द्वारा दुर्लभ पांडुलिपियों, ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों का प्रदर्शन किया जा रहा है। आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी इन अनमोल धरोहरों को देखने के लिए लोग विशेष रुचि दिखा रहे हैं।

भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित इस मेले में भारत मंडपम के हॉल नंबर-4 के प्रथम तल पर 1,000 वर्गमीटर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ पवेलियन बनाया गया है। यहां प्रदेश की प्राचीन विरासत के साथ पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 20 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ पवेलियन में कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब बदल रही है। जिस बस्तर और छत्तीसगढ़ की चर्चा कभी नक्सलवाद और चुनौतियों के संदर्भ में होती थी, आज वही प्रदेश अपनी समृद्ध जनजातीय विरासत, जीवंत लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के साथ देश-दुनिया में नई पहचान बना रहा है।

कल्चुरि काल की दुर्लभ पांडुलिपियां और ताम्रपत्र बने आकर्षण

प्रदर्शनी में रतनपुर के कल्चुरि काल में रचित ‘खूब तमाशा’ और ‘नासकेत’ नामक औषधीय पांडुलिपियां विशेष आकर्षण हैं। इसके साथ ही रायपुर के कल्चुरि राजवंश के अंतिम शासक अमर सिंह देव द्वारा वर्ष 1735 ईस्वी में जारी ताम्रपत्र भी प्रदर्शित किया गया है। यह ताम्रपत्र उस समय की राजनीतिक और प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण ऐतिहासिक साक्ष्य है।

गढ़ामंडल की वीरांगना रानी दुर्गावती के युग से संबंधित स्वर्णाक्षरित दुर्लभ पांडुलिपि भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है। इसके अलावा रामायण विषयक दुर्लभ पांडुलिपि और गोस्वामी तुलसीदास की शिष्य परंपरा से संबंधित सुषेनदास महाराज की पांडुलिपि भी प्रदर्शनी में शामिल है।

1858 में लिखी गई छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि

प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के इतिहास से जुड़ा एक बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज भी रखा गया है। प्रतिष्ठित इतिहासकार, कवि और विद्वान बाबू रेवाराम कायस्थ पंडित द्वारा वर्ष 1858 में लिखित ‘तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की’ को छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है।

रतनपुर को अपनी कर्मभूमि बनाने वाले बाबू रेवाराम ने इस ग्रंथ में छत्तीसगढ़ के हैहैयवंशी (कल्चुरि) राजाओं और उनके शासनकाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज की थीं। यह पांडुलिपि क्षेत्रीय इतिहास और राजवंशीय अध्ययन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है।

इसके साथ ही ग्वालियर के महाराजा दौलतराव सिंधिया के शासनकाल की मोड़ी लिपि में हस्तलिखित कर संबंधी सनद भी प्रदर्शित की गई है, जो तत्कालीन राजस्व और प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी देती है।

1913 की व्यय विवरणिका से सामने आएगी तत्कालीन आर्थिक व्यवस्था

प्रदर्शनी में बिलासपुर के प्रतिष्ठित नागरिक पंडित रघुवंशनाथ ठाकुर द्वारा हस्तलिखित व्यय विवरणिका भी रखी गई है। पंडित ठाकुर ने ई. राघवेंद्र राव का मार्गदर्शन किया था, जो आगे चलकर मध्य प्रांत और बरार के मुख्यमंत्री एवं गवर्नर बने।

प्रथम विश्वयुद्ध से ठीक पहले, वर्ष 1913 के आसपास तैयार की गई यह व्यय विवरणिका छत्तीसगढ़ की तत्कालीन आर्थिक और वित्तीय स्थिति को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसमें दैनिक उपयोग की वस्तुओं के मूल्य, आर्थिक व्यवस्था और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी जानकारियां मिलती हैं।

रायपुर जेल में तैयार हुई थी देश की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका

प्रदर्शनी का एक अन्य प्रमुख आकर्षण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और छत्तीसगढ़ के गांधी कहे जाने वाले पंडित सुंदरलाल शर्मा द्वारा संपादित ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार’ पत्रिका की मूल प्रति है।

इसे भारत की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका माना जाता है। पंडित सुंदरलाल शर्मा ने असहयोग आंदोलन के दौरान रायपुर जेल में रहते हुए वर्ष 1921-22 के दौरान इस द्विमासिक और सचित्र पत्रिका के कुल छह अंक तैयार किए थे।

इस पत्रिका में अंग्रेजों और जेल अधिकारियों द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों तथा कैदियों के साथ किए जाने वाले दुर्व्यवहार और जेल की कठिन परिस्थितियों का सजीव वर्णन किया गया है। इसके अलावा दुर्लभ चित्रित पांडुलिपियां भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं।

ज्ञान भारतम मिशन से संरक्षित होगी प्राचीन विरासत

प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और संवर्धन के लिए केंद्र सरकार के ज्ञान भारतम मिशन के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस मिशन का उद्देश्य देश की विशाल हस्तलिखित विरासत की खोज, सर्वेक्षण, सूचीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण करना है, ताकि प्राचीन ज्ञान और ऐतिहासिक दस्तावेज आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंच सकें।

विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप यह पहल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ मानव पूंजी विकास को भी बढ़ावा देने का प्रयास है।

27 नवंबर तक चलेगा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला

भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस मेले के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी प्राचीन ऐतिहासिक विरासत, पारंपरिक कला, स्थानीय उत्पादों और आधुनिक विकास की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।

भारत मंडपम के हॉल नंबर-4 के प्रथम तल पर स्थित छत्तीसगढ़ पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है। यहां प्रदर्शित दुर्लभ पांडुलिपियां और ऐतिहासिक दस्तावेज प्रदेश के गौरवशाली अतीत से लोगों को रूबरू करा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts