# Tags
#All #राज्य #शासन

PM मोदी की अपील के बाद साइकिल से दफ्तर पहुंचे SP-ASP, ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

12 मई 2026 | कवर्धा

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण संबंधी अपील का असर देखने को मिला, जहां पुलिस विभाग के अधिकारियों ने अनोखी पहल करते हुए साइकिल से कार्यालय पहुंचकर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। मंगलवार को कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी इस अभियान में शामिल हुए।

एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर ऊर्जा की बचत, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि साइकिल उपयोग जैसी पहल से ईंधन की खपत कम होगी और लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ेगी।

पीएम मोदी की अपील के बाद शुरू हुई पहल

गुजरात के वडोदरा में आयोजित जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने, कार पूलिंग बढ़ाने और जहां संभव हो वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन क्लास और वर्चुअल मीटिंग जैसे कोविड काल के उपाय अपनाने की अपील की थी। प्रधानमंत्री ने विदेशी मुद्रा बचत और आयात निर्भरता कम करने के लिए भी सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया था।

पर्यावरण संरक्षण को लेकर सकारात्मक संदेश

कबीरधाम पुलिस की इस पहल को आम लोगों के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि यदि सरकारी विभाग और आम नागरिक छोटी-छोटी पहल करें तो ऊर्जा बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *