IPL 2026: 86 रन पर ऑलआउट हुई सनराइजर्स हैदराबाद, आईपीएल इतिहास का सबसे शर्मनाक हार
13 मई 2026 | अहमदाबाद
आईपीएल 2026 के 56वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से करारी शिकस्त देते हुए प्वाइंट्स टेबल में टॉप स्थान हासिल कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए, लेकिन जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की पूरी टीम सिर्फ 86 रन पर ढेर हो गई। यह आईपीएल इतिहास में सनराइजर्स हैदराबाद का सबसे छोटा स्कोर बन गया।
सिराज और होल्डर के सामने बिखरी हैदराबाद
169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई। मोहम्मद सिराज और जेसन होल्डर की घातक गेंदबाजी के सामने कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका। पूरी टीम सिर्फ 14.5 ओवर में ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस 12 मैचों में 16 अंक लेकर अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई, जबकि सनराइजर्स को 12 मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा।
सनराइजर्स हैदराबाद के 5 सबसे छोटे स्कोर
सनराइजर्स हैदराबाद के आईपीएल इतिहास में यह सबसे कम स्कोर रहा। इससे पहले टीम 2019 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 96 रन पर ऑलआउट हुई थी, जहां अल्जारी जोसेफ ने 6 विकेट लेकर रिकॉर्ड प्रदर्शन किया था। वहीं आईपीएल 2024 के फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टीम सिर्फ 113 रन पर सिमट गई थी, जो आईपीएल फाइनल का सबसे कम स्कोर माना जाता है।
इसके अलावा 2015 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी सनराइजर्स 113 रन ही बना सकी थी, जबकि दुबई में पंजाब किंग्स के खिलाफ टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई थी। अब गुजरात टाइटंस के खिलाफ बना 86 रन का स्कोर फ्रेंचाइजी के इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन बन गया है।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































