रायपुर फायरिंग केस में दूसरी साली की भी मौत, जीजा ने पारिवारिक विवाद में चलाई थी गोली
रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही दूसरी युवती दुर्गेश्वरी ने भी बुधवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस मामले में अब दो युवतियों की मौत हो चुकी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मोवा-पंडरी इलाके में मंगलवार रात आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने बच्चों से नहीं मिलने दिए जाने से नाराज था। इसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने आक्रोश में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से मौके पर मौजूद अपनी दोनों सालियों पर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायल युवतियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने गीतांजलि नाम की युवती को मृत घोषित कर दिया था, जबकि दूसरी युवती दुर्गेश्वरी का इलाज जारी था। बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी जितेंद्र वर्मा खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी घटना के समय नशे की हालत में था।
डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते यह घटना हुई है। आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Hindi 












































































































































































































































































































































































































































































































































































































