# Tags
#All #खेल

मोहम्मद सिराज के बाउंसर पर आउट हुए वैभव सूर्यवंशी

10 मई 2026 | जयपुर

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत तो विस्फोटक अंदाज में की, लेकिन तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की खतरनाक बाउंसर के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके। वैभव ने अपनी पहली ही गेंद पर सिराज को लेग साइड में शानदार छक्का जड़ा। इसके बाद कागिसो रबाडा के ओवर में लगातार दो छक्के लगाकर उन्होंने आक्रामक तेवर दिखाए।

तीसरे ओवर में वैभव ने सिराज के खिलाफ चार गेंदों में तीन चौके भी लगाए, लेकिन ओवर की पांचवीं गेंद पर सिराज ने 147 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज बाउंसर फेंकी। गेंद तेजी से बल्लेबाज के कंधे के ऊपर उठी, जिस पर वैभव सही टाइमिंग नहीं कर पाए और बल्ले का ऊपरी किनारा लगने के बाद गेंद शॉर्ट थर्डमैन की दिशा में चली गई, जहां अरशद खान ने आसान कैच पकड़ लिया।

विकेट हासिल करने के बाद मोहम्मद सिराज का जश्न देखने लायक था। युवा बल्लेबाज का बड़ा विकेट लेने के बाद वह काफी आक्रामक अंदाज में नजर आए और जोरदार हुंकार भरते दिखाई दिए। इससे पहले भी सिराज की यॉर्कर गेंद वैभव के पैर पर लगी थी, जिसके बाद उन्हें दर्द में देखा गया और फिजियो को मैदान पर आना पड़ा था।

वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में 16 गेंदों पर 36 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसी के साथ आईपीएल 2026 में उनके छक्कों की संख्या 40 पहुंच गई है। वह एक सीजन में 40 छक्के लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले अभिषेक शर्मा यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *