09 मई 2026 | नई दिल्ली

IPL 2026 के 51वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 8 विकेट से करारी शिकस्त दे दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में KKR ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और दिल्ली को 20 ओवर में 8 विकेट पर सिर्फ 142 रन के स्कोर पर रोक दिया। जवाब में KKR ने फिन एलेन के विस्फोटक शतक की बदौलत लक्ष्य को सिर्फ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया।

दिल्ली की बल्लेबाजी इस मुकाबले में पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आई। टीम ने पारी के दौरान 51 डॉट गेंदें खेलीं, जिसका असर स्कोर पर साफ दिखाई दिया। पाथुम निसांका ने 30 गेंदों पर 50 रन बनाए, जबकि केएल राहुल ने 23 और आशुतोष शर्मा ने 39 रन की पारी खेली। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सका।

KKR की ओर से अनुकूल रॉय और कार्तिक त्यागी ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए। वहीं वैभव अरोड़ा, सुनील नरेन और कैमरन ग्रीन को भी 1-1 सफलता मिली। वरुण चक्रवर्ती ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 28 रन खर्च किए।

रन चेज के दौरान न्यूजीलैंड के विस्फोटक बल्लेबाज फिन एलेन ने IPL करियर का पहला शतक जड़ते हुए दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने सिर्फ 47 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 212.76 का रहा। इस पारी के साथ फिन एलेन ने KKR के लिए सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

कैमरन ग्रीन ने भी 27 गेंदों पर नाबाद 33 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। दिल्ली की ओर से सिर्फ अक्षर पटेल ही एक विकेट लेने में सफल रहे, जबकि बाकी गेंदबाज पूरी तरह बेअसर साबित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts