सूरत में बक्सा कांड, पत्नी की हत्या कर शव को संदूक में सीमेंट से किया सील, चिट्ठी से खुला राज
गुजरात के सूरत से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने ‘नीला ड्रम हत्याकांड’ जैसी वारदात की याद ताज़ा कर दी है। इस बार कहानी उलटी है—जहां पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर शव को संदूक में छिपा दिया।
पुलिस के अनुसार, गोड़ादरा इलाके के रहने वाले 40 वर्षीय विशाल रणछोड़भाई साल्वी ने अपनी 39 वर्षीय पत्नी शिल्पा साल्वी की गुमशुदगी की रिपोर्ट खुद थाने में दर्ज कराई थी। शुरुआती जांच में मामला सामान्य गुमशुदगी का लग रहा था, लेकिन एक चिट्ठी ने पूरे केस का रुख बदल दिया।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। इसी तनाव के बीच उसने कथित तौर पर पत्नी की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक लकड़ी के संदूक में रखकर उस पर सीमेंट डाल दिया, ताकि बदबू बाहर न आए और किसी को शक न हो। इसके बाद वह घर छोड़कर फरार हो गया, लेकिन जाते-जाते एक चिट्ठी छोड़ गया, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल किया।
यह चिट्ठी आरोपी के नाबालिग बेटे को मिली, जिसने इसे पुलिस को सौंप दिया। चिट्ठी में लिखा था कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई है और उसकी पत्नी अब इस दुनिया में नहीं रही।
चिट्ठी मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी और आरोपी के पुराने ठिकानों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस सलाबतपुरा थाना क्षेत्र स्थित श्रमजीवी सोसाइटी के एक बंद पड़े मकान तक पहुंची। जब घर का दरवाजा खोला गया, तो एक कमरे में रखे संदूक से तेज दुर्गंध आ रही थी।
संदूक खोलने पर पुलिस के होश उड़ गए अंदर शिल्पा साल्वी का सड़ा-गला शव मिला, जिसे सीमेंट से ढंका गया था।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
Hindi 















































































































































































































































































































































































































