कार के दरवाजे में बनाया गुप्त चेंबर, 14.5 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
दुर्ग, 02 जून 2026
दुर्ग पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने ओडिशा से छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 14.5 किलो गांजा, क्रेटा कार, 22 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी ओडिशा से एक क्रेटा कार में अवैध गांजा लेकर महासमुंद, रायपुर होते हुए दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में खपाने के लिए आ रहे हैं। सूचना के आधार पर कुम्हारी थाना पुलिस और ACCU की टीम ने कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
गांजे की गंध ने खोला राज
वाहन की जांच के दौरान पुलिस को कार से गांजे की तेज गंध महसूस हुई। इसके बाद टीम ने कार की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के दरवाजों के फाइबर को हटाया गया, जहां विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर में गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे।
मुख्य तस्कर से पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस ने मौके से तीरथा ठेला, निवासी राजा खरियार (ओडिशा) को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में गांजे के खरीदार किशन जगत, निवासी कुम्हारी का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खरीदार को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे ओडिशा के कंधमाल क्षेत्र से कम कीमत पर गांजा खरीदकर छत्तीसगढ़ में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ला रहे थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Hindi 




















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































