21 मई 2026 | नई दिल्ली

दिल्ली-NCR में आज से लोगों को आवागमन में बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। ऑटो-टैक्सी यूनियनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 21 मई से 23 मई तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। हड़ताल के चलते दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत पूरे NCR क्षेत्र में ऑटो और टैक्सी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। यूनियनों का कहना है कि पिछले 15 वर्षों से किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि CNG, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार इजाफा हुआ है।

किराया बढ़ाने की मांग पर अड़ी यूनियन

ऑटो-टैक्सी यूनियनों का कहना है कि मौजूदा किराया व्यवस्था में ड्राइवरों का खर्च निकालना मुश्किल हो गया है। यूनियन ने सरकार से तुरंत किराया बढ़ाने की मांग की है। उनका आरोप है कि बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों के बावजूद सरकार ने किराया संशोधन पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे चालक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

ड्राइवरों ने बताई कमाई घटने की वजह

टैक्सी चालक नरेंद्र तिवारी ने कहा कि ऐप बेस्ड कंपनियों की नई नीतियों के कारण ड्राइवरों की कमाई लगातार घट रही है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले तक प्रति किलोमीटर 30 रुपये तक मिलते थे, जो अब घटकर 15-16 रुपये रह गए हैं। वहीं चालक दिनेश कुमार ने कहा कि सवारियां कम मिल रही हैं और मौजूदा किराया में गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है।

यात्रियों की बढ़ सकती है परेशानी

तीन दिन की इस हड़ताल का असर रोजाना ऑफिस, स्कूल और अन्य जरूरी कामों के लिए सफर करने वाले लाखों लोगों पर पड़ सकता है। खासकर मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट के आसपास यात्रियों को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts