एन. रंगासामी ने 5वीं बार संभाली पुडुचेरी की कमान, मुख्यमंत्री पद की ली शपथ
13 मई 2026 | पुडुचेरी
ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के प्रमुख एन. रंगासामी ने बुधवार को पुडुचेरी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजभवन में आयोजित समारोह में उप-राज्यपाल के. कैलाशनाथन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। यह मुख्यमंत्री के रूप में रंगासामी का पांचवां कार्यकाल है। विधानसभा चुनाव में AINRC और बीजेपी गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद एक बार फिर पुडुचेरी में NDA सरकार का गठन हुआ है।
AINRC-BJP गठबंधन को मिला बहुमत
09 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में AINRC ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ते हुए 12 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सहयोगी बीजेपी ने 10 सीटों में से 4 सीटें जीतीं। AIADMK और लाचित जननायगा काची को एक-एक सीट मिली। 30 सदस्यीय विधानसभा में NDA गठबंधन की कुल संख्या 18 पहुंच गई, जिसके बाद सरकार गठन का रास्ता साफ हुआ।
कांग्रेस छोड़ बनाई थी अपनी पार्टी
एन. रंगासामी ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी और 2001 से 2008 तक मुख्यमंत्री रहे। बाद में उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर 2011 में ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) का गठन किया और उसी वर्ष चुनाव जीतकर तीसरी बार मुख्यमंत्री बने। इसके बाद उन्होंने गठबंधन राजनीति के जरिए पुडुचेरी की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी।
2021 के बाद लगातार दूसरी बार NDA सरकार
इससे पहले 2021 विधानसभा चुनाव में भी NDA गठबंधन ने कांग्रेस-डीएमके गठबंधन को सत्ता से बाहर कर दिया था। उस चुनाव में AINRC ने 10 और बीजेपी ने 6 सीटें जीती थीं। अब 2026 में मिली जीत के साथ रंगासामी ने लगातार दूसरी बार NDA सरकार का नेतृत्व संभाल लिया है।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































