# Tags
#राज्य

सुशासन तिहार से किसान भगीरथ को मिली बड़ी राहत: किसान क्रेडिट कार्ड मिलने से खेती हुई आसान

1780558483 287b2f954eaad553805a

रायपुर ,  4 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की इस पहल से किसान आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं। इसी कड़ी में सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अमला माझापारा के किसान भगीरथ को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का लाभ मिला है, जिससे उनकी खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं का समाधान हुआ है।

महंगे कृषि आदानों से मिली राहत

किसान भगीरथ ने बताया कि किसान क्रेडिट कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री निजी दुकानों से खरीदनी पड़ती थी। इससे अतिरिक्त खर्च बढ़ता था और समय पर संसाधन नहीं मिलने से खेती प्रभावित होती थी। कृषि कार्यों के लिए पूंजी जुटाना भी उनके लिए चुनौती बना हुआ था।

सुशासन तिहार में हुआ त्वरित समाधान

सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में भगीरथ ने किसान क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया। प्रशासन और कृषि विभाग ने तत्परता दिखाते हुए आवेदन का शीघ्र निराकरण किया और उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया।

अब किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उन्हें सहकारी समिति से समय पर उचित मूल्य पर खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री मिल रही है। इससे खेती की तैयारियां आसान हुई हैं और कृषि लागत पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।

मुख्यमंत्री का जताया आभार

किसान भगीरथ ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “अब मुझे खेती के लिए खाद-बीज की कोई परेशानी नहीं होती। किसान क्रेडिट कार्ड बनने से आवश्यक सामग्री समय पर मिल रही है और खेती करना आसान हो गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि मेरी समस्या का समाधान गांव में ही हो गया। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का हृदय से धन्यवाद करता हूं।”

किसानों को आत्मनिर्भर बना रहा सुशासन तिहार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाएं किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हुए उन्हें आधुनिक और लाभकारी कृषि की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य कर रही हैं। भगीरथ जैसे किसानों की सफलता इस पहल की सार्थकता को प्रमाणित कर रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *