# Tags
#All #अपराध / कानून #राष्ट्रीय

कोलकाता में माओवादियों को बड़ा झटका, 15 लाख की इनामी श्रद्धा बिस्वास गिरफ्तार; वरिष्ठ सदस्य मधाई पात्रा ने किया सरेंडर

14 मई 2026 | कोलकाता

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में माओवादी संगठन को एक ही दिन में बड़ा झटका लगा है। कोलकाता पुलिस STF ने माओवादी संगठन की रीजनल कमेटी सदस्य श्रद्धा बिस्वास को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर थी। श्रद्धा बिस्वास पर झारखंड सरकार ने ₹15 लाख का इनाम घोषित कर रखा था और उसके खिलाफ 23 से अधिक गंभीर मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर संगठन के वरिष्ठ सदस्य मधाई पात्रा ने करीब 30 साल पुराना नक्सली संबंध खत्म करते हुए कोलकाता पुलिस आयुक्त के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण के दौरान उसने हिंसा का रास्ता छोड़ने की बात कही और अन्य माओवादियों से भी मुख्यधारा में लौटने की अपील की।

शीर्ष कमांडर मिसिर बेसरा का करीबी था मधाई पात्रा

जानकारी के अनुसार मधाई पात्रा कई राज्यों में सक्रिय रहा है और माओवादी संगठन के शीर्ष कमांडर मिसिर बेसरा के करीबी नेटवर्क का हिस्सा माना जाता था। ऐसे में उसका आत्मसमर्पण संगठन के भीतर मनोबल पर बड़ा असर डाल सकता है। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि लगातार दबाव और ऑपरेशन के कारण संगठन कमजोर हो रहा है।

सारंडा इलाके में जारी है बड़ा ऑपरेशन

सूत्रों के मुताबिक झारखंड के सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा बड़े स्तर पर ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसी बीच मिसिर बेसरा को लेकर भी सरेंडर की अटकलें तेज हो गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां लगातार माओवादी नेटवर्क को कमजोर करने के लिए अभियान चला रही हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *