81 दिन से जारी युद्ध का भारत के ईंधन आयात पर असर, सरकार बोली- पेट्रोल-डीजल और LPG का पर्याप्त स्टॉक मौजूद
21 मई 2026 | नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने कहा है कि पिछले 81 दिनों से जारी अंतरराष्ट्रीय युद्ध का असर भारत के ईंधन आयात पर पड़ रहा है, लेकिन देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि सरकार लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है और आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश की रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ काम कर रही हैं और घरेलू मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के लिए किए गए विशेष प्रयास
सरकार के अनुसार एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं और फिलहाल देश में प्रतिदिन 45 से 46 हजार टन एलपीजी का उत्पादन हो रहा है। सुजाता शर्मा ने कहा कि क्रूड ऑयल और प्राकृतिक गैस की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है और सप्लाई चेन को सुचारू रखने के लिए लगातार समन्वय किया जा रहा है।
सरकारी पेट्रोल पंपों पर बढ़ी खरीदारी
सरकार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में कई क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की खरीदारी बढ़ी है। इसके पीछे कृषि सीजन में मांग बढ़ना और थोक डीजल की खरीद का खुदरा बाजार की ओर शिफ्ट होना मुख्य वजह है। इसके अलावा निजी कंपनियों की तुलना में सरकारी तेल कंपनियों द्वारा कम कीमत पर ईंधन उपलब्ध कराने के कारण लोगों का रुझान सरकारी पेट्रोल पंपों की ओर बढ़ा है।
112 पेट्रोल पंपों को नोटिस, 35 डिस्ट्रीब्यूटर्स पर कार्रवाई
जमाखोरी और अनियमितताओं पर सरकार ने सख्ती दिखाई है। पिछले तीन दिनों में 112 पेट्रोल पंपों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं 35 डिस्ट्रीब्यूटर्स पर पेनल्टी लगाई गई है और एक डिस्ट्रीब्यूटर को सस्पेंड भी किया गया है। सरकार ने साफ किया कि सप्लाई व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लोगों से पैनिक खरीदारी न करने की अपील
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराहट में अतिरिक्त ईंधन या एलपीजी की खरीदारी न करें। मंत्रालय ने कहा कि देश में पर्याप्त भंडारण और आपूर्ति मौजूद है तथा हर पेट्रोल पंप तक नियमित सप्लाई पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही लोगों से ऊर्जा बचाने की भी अपील की गई है।
Hindi 




































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































