माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली अमिता श्रीवास से मिले CM साय: बोले- आपकी सफलता छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे देश का गौरव
रायपुर, 16 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से बुधवार को जांजगीर-चांपा जिले की होनहार पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर इतिहास रचने वाली अमिता श्रीवास को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय भी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमिता श्रीवास ने अपने साहस, अदम्य इच्छाशक्ति, अनुशासन और अटूट संकल्प के बल पर माउंट एवरेस्ट पर भारत का तिरंगा लहराकर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमिता श्रीवास की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण है।
उल्लेखनीय है कि जांजगीर-चांपा की रहने वाली अमिता श्रीवास ने 22 मई को समुद्र तल से 8,848.86 मीटर ऊंची दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन किया।
Hindi 






































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































