# Tags
#राज्य

रायपुर की पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग, कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका; मौके पर राहत-बचाव जारी

image editor output image2064322984 1781344357936

रायपुर, 13 जून 2026

राजधानी रायपुर के उरला क्षेत्र स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शनिवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री के अंदर कुछ कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं, जबकि पुलिस द्वारा पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही है।

टायर जलाकर तैयार किया जाता है डामर

जानकारी के मुताबिक पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में टायरों को जलाकर डामर तैयार करने का काम किया जाता है। शनिवार सुबह काम के दौरान अचानक आग भड़क उठी, जिसके बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि सैंपल कलेक्शन के दौरान वाल्व खुला रहने से गर्म पदार्थ ऑक्सीजन के संपर्क में आ गया, जिससे आग भड़क सकती है। हालांकि प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

जनहानि की सूचना नहीं

राहत की बात यह है कि समाचार लिखे जाने तक किसी जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जाएगी।

दो दिन पहले भी लगी थी बड़ी आग

गौरतलब है कि दो दिन पहले रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल शोरूम में भी भीषण आग लगी थी। उस घटना में आग दूसरी और तीसरी मंजिल तक फैल गई थी और करीब 11 घंटे की मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया गया था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *