दिल्ली विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र 28 अप्रैल को, कड़ी सुरक्षा के बीच होगी कार्यवाही
राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र मंगलवार, 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। यह सत्र पुराना सचिवालय स्थित विधानसभा भवन में होगा। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
अध्यक्ष के अनुसार, उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद आठवीं विधानसभा के पांचवें सत्र को बुलाने के लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। साथ ही, आठवीं विधानसभा के चौथे सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान कर दिया गया है। इसके बाद अब यह बैठक विशेष सत्र के रूप में आयोजित होगी।
विधानसभा सचिवालय ने सत्र के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासनिक स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित हो सके।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
हाल ही में मिली बम धमकी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी विधायकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और पूरे परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है।
एजेंडा आज होगा स्पष्ट
हालांकि, विशेष सत्र में किन मुद्दों पर चर्चा होगी, इसका अंतिम एजेंडा सोमवार शाम तक तय होने की संभावना है। मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और विपक्षी आम आदमी पार्टी के बीच तीखी बहस के आसार हैं। सूत्रों के मुताबिक, सत्र के दौरान विभिन्न अहम मुद्दों पर चर्चा के साथ हंगामे की भी संभावना जताई जा रही है।
CAG रिपोर्ट्स पर प्रक्रिया पूरी
बजट सत्र के दौरान वित्तीय जवाबदेही से जुड़े महत्वपूर्ण कदम भी पूरे किए गए हैं। पिछले महीने सदन में भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की सात रिपोर्ट्स पेश की गई थीं। इसके अलावा, पहले से लंबित रिपोर्ट्स से संबंधित लोक लेखा समिति (PAC) की रिपोर्ट्स भी प्रस्तुत की गईं।
अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि अब कोई भी CAG रिपोर्ट लंबित नहीं है। शराब नीति, प्रदूषण और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी तीन प्रमुख रिपोर्ट्स को सदन ने स्वीकार कर लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया है। वहीं, शेष सात रिपोर्ट्स को आगे की समीक्षा के लिए PAC को सौंप दिया गया है।
Hindi 















































































































































































































































































































































































































