हम नहीं चाहते कि ऋषभ पंत बदलें, उपकप्तानी से हटाने के फैसले पर पहली बार बोले गौतम गंभीर
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली 5 जून 2026
भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को टेस्ट टीम की उपकप्तानी से हटाने के फैसले पर खुलकर बात की। गंभीर ने स्पष्ट किया कि टीम प्रबंधन पंत की आक्रामक शैली में बदलाव नहीं चाहता, लेकिन उन्हें मैच की परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझने की जरूरत है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कहा, “हम नहीं चाहते कि ऋषभ पंत बदलें, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खिलाड़ियों से मैच की परिस्थितियों का सम्मान करने की अपेक्षा की जाती है।”
दरअसल, हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत को 0-2 से हार का सामना करना पड़ा था। इस दौरान पंत के कुछ शॉट चयन को लेकर आलोचना हुई थी। खासकर गुवाहाटी टेस्ट में गैरजिम्मेदाराना तरीके से विकेट गंवाने के बाद उनके प्रदर्शन पर सवाल उठे थे।
इसी बीच चयनकर्ताओं ने केएल राहुल को टेस्ट टीम का नया उपकप्तान नियुक्त कर दिया, जिसके बाद इस फैसले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। अब गंभीर के बयान ने इस मुद्दे पर तस्वीर काफी हद तक साफ कर दी है।
अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबला ऋषभ पंत के करियर का 50वां टेस्ट मैच भी हो सकता है। पंत ने अब तक 49 टेस्ट मैचों की 86 पारियों में 3476 रन, 8 शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं। उनकी बल्लेबाजी औसत 42.91 और स्ट्राइक रेट 74.24 रही है।
मुल्लांपुर में खेले जाने वाले इस मुकाबले में एक बार फिर सभी की नजरें ऋषभ पंत पर होंगी। पंत के पास बल्ले से जवाब देकर आलोचकों को शांत करने और टीम प्रबंधन का भरोसा मजबूत करने का सुनहरा मौका होगा।
Hindi 


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































