# Tags
#All #राजनीति

तमिलनाडु में CM विजय ने जीता विश्वास मत, विधानसभा में 144 विधायकों का मिला समर्थन

13 मई 2026 | चेन्नई

तमिलनाडु विधानसभा में बुधवार को हुए फ्लोर टेस्ट में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बहुमत साबित कर दिया। विश्वास मत के दौरान विजय सरकार के पक्ष में 144 विधायकों ने मतदान किया, जबकि विरोध में 22 वोट पड़े। वहीं 5 विधायक मतदान प्रक्रिया में शामिल नहीं हुए। इस तरह नई सरकार ने स्पष्ट बहुमत के साथ सदन में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। विधानसभा में हुए इस शक्ति परीक्षण के साथ ही राज्य में पिछले कई दिनों से चल रहा राजनीतिक असमंजस भी समाप्त हो गया।

DMK ने किया वॉकआउट

विश्वास मत से पहले विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय पर AIADMK के बागी विधायकों से संपर्क करने का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि यह “परिवर्तन” है या “लेन-देन”। डीएमके ने सरकार को समर्थन देने से इनकार करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। स्टालिन ने कहा कि जनता नई सरकार के “स्वच्छ शासन” के दावों पर सवाल उठा रही है।

CM विजय ने आरोपों का दिया जवाब

बहस के बाद मुख्यमंत्री विजय ने सदन में विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उनकी सरकार पूरी तरह “धर्मनिरपेक्ष” सिद्धांतों पर काम करेगी। खरीद-फरोख्त के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, “यह सरकार घोड़े की गति से काम करेगी, लेकिन घोड़ों की खरीद-फरोख्त में शामिल नहीं होगी।” विजय ने यह भी आश्वासन दिया कि पिछली सरकार की सभी जनहितकारी योजनाएं जारी रखी जाएंगी।

नई सरकार को मिली स्थिरता

विश्वास मत जीतने के बाद विजय सरकार को अब प्रशासनिक फैसलों और चुनावी वादों को लागू करने के लिए राजनीतिक स्थिरता मिल गई है। हाल ही में मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद विजय ने शराब दुकानों को बंद करने, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं की सुरक्षा जैसे कई बड़े फैसलों का ऐलान किया था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *