बंगाल में चुनाव से पहले हिंसा,पीएम मोदी की रैली से पहले BJP TMC समर्थकों में झड़प, विधायक पवन सिंह के घर पर बम हमला
विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले राज्य में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया है। उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित जगद्दल में रविवार रात भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच हिंसक झड़पें हुईं।
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत राजनीतिक झंडों और पोस्टरों को फाड़ने को लेकर हुई, जो जल्द ही उग्र रूप ले बैठा। जगद्दल थाना क्षेत्र के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद बहस, पत्थरबाजी और हाथापाई शुरू हो गई। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
यह हिंसा ऐसे समय पर हुई जब क्षेत्र में सोमवार को नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं, जिससे तनाव और बढ़ गया।
विधायक के घर पर बम हमला
हिंसा के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब पवन सिंह के घर पर कथित तौर पर देसी बम फेंके गए। इस हमले में कम से कम तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाके से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
बताया जा रहा है कि पवन सिंह आगामी विधानसभा चुनाव में भटपारा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं। चुनाव से पहले हुई इस हिंसा ने एक बार फिर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Hindi 














































































































































































































































































































































































































