# Tags
#All #राज्य

विश्व युवा कौशल विकास दिवस: कौशल से सशक्त हो रहे युवा, विकसित छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ते कदम

विशेष लेख

लक्ष्मीकांत कोसरिया, उप संचालक

रायपुर, 15 जुलाई 2026

विश्व युवा कौशल विकास दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को रोजगारोन्मुखी और आधुनिक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में अपनी उपलब्धियों को रेखांकित किया है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से अब तक 4 लाख 94 हजार 330 युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया गया, जबकि 2 लाख 74 हजार 934 युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा चुका है।

वर्तमान में प्रदेशभर में 375 प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से राष्ट्रीय कौशल अर्हता फ्रेमवर्क (NSQF) के अनुरूप प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 9,418 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है और 7,528 युवाओं को रोजगार प्राप्त हो चुका है।

आधुनिक तकनीकों पर फोकस

राज्य सरकार ने पारंपरिक ट्रेडों के साथ इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मेंटेनेंस, ड्रोन ऑपरेटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग (AI-ML), साइबर सुरक्षा, सूर्यमित्र जैसे आधुनिक कोर्स शुरू किए हैं। इसके अलावा वॉटर डिस्ट्रीब्यूशन ऑपरेटर कोर्स के जरिए 2,770 युवाओं को रोजगार से जोड़ने की योजना बनाई गई है।

गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण पर जोर

प्रशिक्षकों के लिए Training of Trainers (TOT) प्रमाणन अनिवार्य किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों के लिए 7 दिन की ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) भी जरूरी की गई है। सभी प्रशिक्षण केंद्रों में फेस बेस्ड ऑनलाइन बायोमेट्रिक उपस्थिति और IP आधारित CCTV निगरानी की व्यवस्था लागू की गई है।

रोजगार सुनिश्चित करने की व्यवस्था

योजना के तहत प्रशिक्षण संस्थानों को भुगतान का 60 प्रतिशत हिस्सा तभी दिया जाता है, जब प्रशिक्षित युवाओं का रोजगार सुनिश्चित हो जाता है। इससे प्रशिक्षण संस्थान रोजगार आधारित प्रशिक्षण देने के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं।

बस्तर और आदिवासी क्षेत्रों तक पहुंच

बस्तर संभाग के प्रत्येक विकासखंड में स्किल डेवलपमेंट सेंटर (SDC) स्थापित किए जा रहे हैं। बीजापुर में असिस्टेंट मेसन कोर्स शुरू हो चुका है, जबकि छह पुनर्वास केंद्रों को व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदाता के रूप में पंजीकृत किया गया है।

उद्योगों के साथ साझेदारी

राज्य सरकार ने महिंद्रा एंड महिंद्रा, साइरोनिक्स टेक्नोलॉजी, नांदी फाउंडेशन और श्री सत्य साई हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट जैसी संस्थाओं के साथ मिलकर रोजगार आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए हैं।

लाईवलीहुड कॉलेजों की बड़ी भूमिका

प्रदेश के लाईवलीहुड कॉलेजों में वर्ष 2013 से अब तक 68,552 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें 28,820 युवाओं को रोजगार और 10,632 युवाओं को स्वरोजगार मिला है। वहीं पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत 13,188 युवाओं को भी प्रशिक्षण दिया गया है।

नवा रायपुर में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

सरकार नवा रायपुर में लाईवलीहुड सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करेगी, जहां अत्याधुनिक तकनीकों और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विश्वस्तरीय कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 2 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

राष्ट्रीय स्तर पर भी मिली पहचान

इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 में 3,327 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। ईस्ट जोन प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने 1 स्वर्ण, 2 रजत, 5 कांस्य और 4 मेडल ऑफ एक्सीलेंस सहित 12 पदक जीते। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत सरकार ने राज्य को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *