# Tags
#राज्य

पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘टैटू गैंग’, महिला समेत 8 आरोपी गिरफ्तार, 24 लाख का माल जब्त

CHOR2

धमतरी, 14 जून 2026

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगरी पुलिस ने चर्चित ‘टैटू गैंग’ का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और बाइक समेत करीब 24 लाख रुपये का माल जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह हाल ही में नगरी क्षेत्र में हुई तीन बड़ी चोरी की वारदातों में शामिल था। जांच में सामने आया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और चोरी के माल को ठिकाने लगाने के लिए एक स्थानीय सराफा व्यापारी की मदद लेते थे।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए गिरोह चोरी के आभूषण और अन्य कीमती सामान को एक महिला सदस्य के पास छिपाकर रखता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के पास से 144 ग्राम से अधिक सोना, 2 किलो से ज्यादा चांदी, 11 हजार रुपये से अधिक नकदी, मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 24 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरोह की एक खास पहचान भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, गैंग के सभी सदस्यों ने अपने गले में एक विशेष प्रकार का टैटू बनवा रखा था, जो उनकी संगठनात्मक पहचान का प्रतीक माना जा रहा है। इसी वजह से पुलिस ने इस गिरोह को ‘टैटू गैंग’ नाम दिया है।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान जिले और आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के भी खुलासे हो सकते हैं। साथ ही आरोपियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *