# Tags
#राज्य

अंडर-18 एशिया कप विजेता अवि मानिकपुरी ने CM विष्णुदेव साय से की मुलाकात, कहा- युवा खिलाड़ियों पर प्रदेश को गर्व

1781426718 7513c8826bcd3b85fe6c

रायपुर, 14 जून 2026

भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के एशिया कप विजेता खिलाड़ी अवि मानिकपुरी ने रविवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अवि मानिकपुरी को अंडर-18 एशिया कप में भारत की ऐतिहासिक जीत में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवि मानिकपुरी की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास जताया कि अवि भविष्य में भी भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं अवसर और संकल्प मिलने पर विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विकास और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के नए अवसर मिल रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी भारत के उभरते हुए हॉकी खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जिसमें अवि मानिकपुरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे भी उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *