# Tags
#राज्य

रायगढ़ में दर्दनाक हादसा: आंधी-तूफान में फैक्ट्री की दीवार ढही, झोपड़ी पर गिरा मलबा; महिला मजदूर की मौत, दो घायल

image 2026 06 18T225049.739

रायगढ़, 19 जून 2026

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार शाम तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के चिराईपानी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में दो फैक्ट्रियों के बीच बनी बाउंड्रीवॉल अचानक ढह गई। दीवार का मलबा पास में बनी मजदूरों की झोपड़ी पर गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ओम रूपेश उद्योग और महालक्ष्मी उद्योग के बीच स्थित बाउंड्रीवॉल के समीप कुछ मजदूर अस्थायी झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। शाम करीब 6 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बाउंड्रीवॉल भरभराकर गिर गई और झोपड़ी उसकी चपेट में आ गई।

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल रंभा यादव को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल मजदूरों को उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक मृतक महिला के गर्भवती होने की भी चर्चा है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पूंजीपथरा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बाउंड्रीवॉल गिरने के कारणों और सुरक्षा मानकों की पड़ताल कर रही है।

अचानक बदले मौसम के बीच हुए इस हादसे ने औद्योगिक क्षेत्रों में रह रहे मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *