रायपुर,22 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार एवं बांस वादक श्री विक्रम यादव के परिजनों से दूरभाष पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके समुचित उपचार और हरसंभव सहायता के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है तथा इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
संस्कृति मंत्री ने राजनांदगांव कलेक्टर और मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव के वरिष्ठ चिकित्सकों से भी चर्चा की। उन्होंने चिकित्सकों को विशेष निगरानी, आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि अतिरिक्त चिकित्सा सुविधा या अन्य व्यवस्थाओं की आवश्यकता होगी तो राज्य शासन हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि श्री विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने अपनी विशिष्ट बांस वादन कला के माध्यम से भारत की समृद्ध लोक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया है। ऐसे कलाकार प्रदेश का गौरव हैं और उनके सम्मान, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी शासन और समाज दोनों की है।
मुख्यमंत्री ने विक्रम यादव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उनके परिवार को आश्वस्त किया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार हरसंभव सहयोग के साथ उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है और आवश्यकता की घड़ी में कलाकारों का साथ देना सरकार का नैतिक दायित्व है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय लोक कलाकार विक्रम यादव लंबे समय से अस्वस्थ हैं और वर्तमान में उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति का तत्काल संज्ञान लेते हुए बेहतर उपचार और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के इस गौरवशाली लोक कलाकार के स्वास्थ्य और सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।


