रायपुर, 22 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने 18, 19 और 20 सितंबर को रायपुर में आयोजित होने वाले 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर (IIF) की तैयारियों, उद्देश्यों और आयोजन की विस्तृत रूपरेखा से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक आयोजन प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन को भी गति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और उद्यमियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आयोजित होने वाला इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान दिलाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लघु उद्योग भारती देश में लघु उद्यमियों का सबसे बड़ा संगठन है, जो एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने और बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) सहयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। यह आयोजन देशभर के उद्यमियों, निवेशकों, उद्योग विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थानों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां आधुनिक तकनीक, निवेश, विपणन, व्यापार सहयोग और बिजनेस विस्तार के नए अवसर विकसित होंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस आयोजन से स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय बाजार से जुड़ने, नई तकनीकों को अपनाने और व्यापार विस्तार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही, इससे छत्तीसगढ़ के एमएसएमई सेक्टर को नई ऊर्जा मिलेगी और प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र गुप्त, संयुक्त महासचिव नरेश पारख, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समीर, प्रांत अध्यक्ष सी. पी. दुबे, पुरुषोत्तम पटेल, अनिल बाकलीवाल, तूलिका पांडे तथा प्रांजल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


