रायपुर, 22 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर की युवा निशानेबाज सानवी श्रीवास ने 25वीं छत्तीसगढ़ राज्यस्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण (Gold) और तीन रजत (Silver) पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए भी उनका चयन हो गया है।
छत्तीसगढ़ राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में सानवी ने 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में अपनी सटीक निशानेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया और कुल पांच पदक अपने नाम किए। उनके प्रदर्शन की खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने जमकर सराहना की।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक अरुण देव गौतम (IPS), एस.एस. परिहार, एनआरडीए के पूर्व सीईओ बजाज तथा जिंदल पावर के प्रमुख शाह सहित अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
सानवी श्रीवास, छत्तीसगढ़ केशशिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास की पुत्री हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से खुशी जताते हुए कहा कि सानवी ने दो स्वर्ण और तीन रजत सहित कुल पांच पदक जीतकर परिवार और पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सानवी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
सानवी श्रीवास की इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं और अब सभी की नजरें उनके राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में प्रदर्शन पर टिकी हैं।


