रायपुर, 7 अक्टूबर 2026

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर के बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय समारोह में शामिल हुए। इस दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की संघर्ष से सेवा और सेवा से राष्ट्र निर्माण तक की जीवन यात्रा को प्रस्तुत किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं। लगभग 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनकी यात्रा प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य किया है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ विकास की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी सभी को अपनी भागीदारी निभानी होगी।

सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान को 13 अलग-अलग बिंदुओं के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के जीवन के संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समझने का अवसर मिला। उनका जीवन विशेष रूप से युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

बस्तर में शांति और विकास का नया दौर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर में अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाओं की पहुंच बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य बस्तर के युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है।

छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 51 हजार करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। बेहतर रेल नेटवर्क से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को गति मिलने की उम्मीद है।

6,691 जनजातीय गांवों में विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करते हुए सरकार इन क्षेत्रों को प्रदेश की विकास यात्रा के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।

निवेश के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को मिल रहा लाभ

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के प्रति बढ़े वैश्विक विश्वास का लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। नई औद्योगिक विकास नीति, पारदर्शी प्रशासन और निवेश-अनुकूल वातावरण के माध्यम से प्रदेश को प्रमुख निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां उद्योग जगत के साथ चर्चा में छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों में उत्साह देखने को मिला। 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में प्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती और आधुनिक उद्योग-तकनीक एवं नवाचार का विस्तार करना है।

सांसद और मंत्री ने भी गिनाईं उपलब्धियां

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष को सेवा और राष्ट्र समर्पण की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

समारोह में विधायक श्री सुनील सोनी, श्री मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष श्रीमती हर्षिता पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts