नई दिल्ली, 22 जुलाई 2026

संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को राजनीतिक हलचल उस समय और बढ़ गई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई, जब संसद परिसर में विपक्ष सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहा था।

PMO की ओर से जारी तस्वीरों में प्रधानमंत्री मोदी स्वयं शरद पवार का हाथ थामकर उनका स्वागत करते नजर आए। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई और कुछ दस्तावेजों पर भी चर्चा की गई। तस्वीरों में दोनों नेताओं को हंसते हुए भी देखा गया।

यह मुलाकात इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक लाने की तैयारी में है। इस विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार को दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी। ऐसे में NCP (शरद पवार गुट) के सांसदों का समर्थन राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

हाल ही में सुप्रिया सुले ने कहा था कि यदि सरकार सभी राज्यों में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का लिखित आश्वासन देती है, तो उनकी पार्टी इस मुद्दे पर सकारात्मक विचार कर सकती है।

इधर, राजनीतिक गलियारों में NDA में शरद पवार गुट के शामिल होने की चर्चाएं भी तेज हैं। हालांकि, भाजपा सूत्रों के अनुसार किसी भी औपचारिक गठबंधन से पहले NCP के दोनों गुटों के एकीकरण को आवश्यक माना जा रहा है। राजनीतिक विशेषज्ञों का भी मानना है कि भाजपा किसी व्यक्तिगत नेता के बजाय एकीकृत NCP के साथ ही आगे बढ़ना चाहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts