रायपुर, 23 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास के सड़क सुरक्षा उत्कृष्टता केंद्र (CoERS) के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर में डेटा-आधारित हाइपरलोकल इंटरवेंशन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन, परिवहन, आवास एवं पर्यावरण तथा सहकारिता मंत्री केदार कश्यप रहे।

कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ शासन और IIT मद्रास CoERS के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य वैज्ञानिक और डेटा-आधारित रणनीति के माध्यम से राज्य में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में कमी लाना है।

कार्यशाला में अधिकारियों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना डेटा का विश्लेषण कर ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान की जाएगी। इसके बाद हाइपरलोकल सड़क सुरक्षा उपाय, कम लागत वाले इंजीनियरिंग हस्तक्षेप तथा ‘संजय’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से समयबद्ध और साक्ष्य-आधारित निर्णय लिए जाएंगे।

पहले चरण में राज्य के सड़क दुर्घटनाओं की दृष्टि से सर्वाधिक संवेदनशील 10 जिलों का चयन किया गया है। इन जिलों में जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद प्रत्येक जिले के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप डेटा-आधारित सड़क सुरक्षा कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि हर सड़क दुर्घटना किसी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति होती है। राज्य सरकार का लक्ष्य केवल दुर्घटनाओं की संख्या कम करना नहीं, बल्कि ऐसी सुरक्षित सड़क व्यवस्था विकसित करना है जिससे हर नागरिक सुरक्षित अपने घर पहुंच सके। उन्होंने इसे सुरक्षित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश ने कहा कि ‘संजय’ प्लेटफॉर्म के जरिए दुर्घटना संभावित स्थलों की वैज्ञानिक पहचान कर समयबद्ध हस्तक्षेप संभव होगा। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित प्रयास कर दुर्घटनामुक्त छत्तीसगढ़ बनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में चयनित 10 जिलों के कलेक्टर, एसपी, आरटीओ, डीटीओ, एनआईसीसी के जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति के नोडल अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि डेटा-आधारित योजना, वैज्ञानिक विश्लेषण और त्वरित हस्तक्षेप से राज्य में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts