चमोली,14 अगस्त 2026

उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन मायापुर-पीपलकोटी टनल में गुरुवार शाम अचानक पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में छत्तीसगढ़ और झारखंड के 7 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 11 श्रमिक घायल बताए जा रहे हैं। वहीं, 6 मजदूर अब भी लापता हैं।

जिला प्रशासन ने हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया। टनल में काम कर रहे कई मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

11 मजदूर घायल

हादसे में घायल 11 श्रमिकों में झारखंड के 5, बिहार के 2, छत्तीसगढ़ के 2 तथा पंजाब और हिमाचल प्रदेश के 1-1 मजदूर शामिल हैं। प्रशासन की ओर से लापता मजदूरों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

अचानक टनल में घुसा मलबा और पानी

विष्णुगाड-पीपलकोटी पनबिजली परियोजना की निर्माणाधीन टनल में अचानक पहाड़ का मलबा और पानी तेजी से अंदर घुस गया। इससे टनल में काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे में घायल छत्तीसगढ़ निवासी सुनील दीवान ने बताया कि वह टनल में सरिया बांधने का काम कर रहे थे, तभी अचानक भूस्खलन हुआ और पानी व मलबा तेजी से अंदर आने लगा।

बताया गया है कि बीते दिसंबर में भी इसी टनल में लोको ट्रेन के टकराने की घटना सामने आई थी। फिलहाल प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और लापता मजदूरों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts