कवर्धा/धरमजयगढ़,24 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ में बुधवार देर रात और गुरुवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पहला हादसा कवर्धा के भोरमदेव रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत से हुआ, वहीं दूसरा हादसा धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में बस और ट्रक की जोरदार टक्कर से हुआ।
दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत
कवर्धा में भोरमदेव रोड पर ग्राम राजानवागांव के पास बुधवार देर रात दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिशनपुरा निवासी सबित यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों को 112 की सहायता से जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है और वह बेहोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बस-ट्रक की जोरदार भिड़ंत, चालक गंभीर
दूसरा हादसा धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, धरमजयगढ़ से खरसिया जा रही बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। वहीं बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि कोयलर क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। फिलहाल दोनों घटनाओं में घायलों की विस्तृत स्थिति और हादसों के कारणों की जानकारी सामने आना बाकी है।


