रायपुर, 26 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित अंत्योदय सेवा वंदन पर्व, ‘अनकही कहानियां’ सांस्कृतिक प्रस्तुति एवं वीरगाथा सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में सेवा, समर्पण, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरक कहानियों को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवाभाव पर केंद्रित ‘नमो सेवा गाथा’ का भी मंचन हुआ।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों के साथ पुलिस, सेना, अर्धसैनिक बलों, नागरिक सेवाओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े सेवाभावी लोगों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा में निष्ठापूर्वक योगदान देने वाले लोगों का सम्मान नई पीढ़ी को सेवा और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय का भाव विकास यात्रा का मूल आधार है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना तथा उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छता, स्वास्थ्य, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में बढ़ती जनभागीदारी अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दे रही है।
लोककला और देशभक्ति के रंगों से सजा मंच
अंत्योदय सेवा वंदन पर्व में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और देशभक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला। कलाकारों ने लोकगीत, जसगीत, भजन, राउत नाचा, पारंपरिक समूह नृत्य, बांसुरी वादन और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने लोकगीत और समूह नृत्य प्रस्तुत किए। दिव्यांग विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति समूह गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया। श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा विभिन्न समूहों से जुड़े प्रतिभागियों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
स्वच्छता के संदेश पर आधारित विशेष प्रस्तुति के जरिए स्वच्छ और स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया। अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शमा अंजुम की उपस्थिति भी कार्यक्रम में विशेष रही। ‘हमार संगी-साथी’ नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेश दिया गया। वहीं ड्रोन दीदी अंजना दास ने अपने पुत्र के साथ ‘मेरी यशोदा मैया’ गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
रायपुर शहर के साथ ही आरंग, अभनपुर, धरसींवा और खरोरा क्षेत्र के कलाकारों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। विभिन्न अंचलों से आए कलाकारों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को लोककला, प्रतिभा और सामाजिक सहभागिता का व्यापक मंच बना दिया।
मुख्यमंत्री ने तीन नवाचारों का किया शुभारंभ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम के दौरान रायपुर जिला प्रशासन के तीन नवाचारों ‘प्रोजेक्ट राहत’, ‘प्रोजेक्ट ध्वस्त’ और Advance AI – ‘ताकत है MY’ का शुभारंभ किया।
‘प्रोजेक्ट राहत’ के जरिए प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को आरबीसी 6(4) के अंतर्गत राहत राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को अधिक त्वरित और प्रभावी बनाने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना है।
‘प्रोजेक्ट ध्वस्त’ के तहत जिले में जर्जर और असुरक्षित भवनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य दुर्घटनाओं की आशंका को कम करते हुए नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
वहीं Advance AI – ‘ताकत है MY’ के माध्यम से आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में पहल की गई है।
मुख्यमंत्री ने इन नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक और नवाचार का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों को सुविधाएं तेजी और सरलता से उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना भी है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सम्मानित नागरिकों, जवानों, समाजसेवियों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवा, साहस और समर्पण की प्रेरक कहानियां समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवा संकल्प अभियान प्रदेश में जनसेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना को और व्यापक बनाएगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री टंकराम वर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक अनुज शर्मा और छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी, कलाकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


