रायपुर,7 अक्टूबर 2026
राजधानी में आवारा सांड के आतंक का मामला सामने आया है। मंगलवार को एक सांड ने सड़क पर जा रहे करीब 15 लोगों पर हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांड एक बुजुर्ग पर हमला करता नजर आ रहा है।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बच्चे को गोद में लिए एक बुजुर्ग घर के बाहर खड़े थे, तभी सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। सांड ने बुजुर्ग को दौड़ाकर कई बार मारने की कोशिश की। हमले में घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सांड के हमले में पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल भी घायल हुई हैं। उन्हें उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सांड को ट्रैंक्विलाइजर डार्ट की मदद से बेहोश कर काबू में लिया। घटना डीडी नगर इलाके की बताई जा रही है।
सांड के रेबीज से संक्रमित होने की आशंका
गौ सेवकों के अनुसार, करीब दो महीने पहले सांड को एक कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद सांड में रेबीज संक्रमण होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि इसी वजह से वह आक्रामक हुआ और लोगों पर हमला करने लगा।
घटना को लेकर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए क्षेत्र की स्थिति को लेकर भाजपा पर निशाना साधा और भाजपा विधायक राजेश मूणत के कार्यकाल में क्षेत्र की स्थिति पर सवाल उठाए।
फिलहाल वन विभाग की टीम द्वारा सांड को काबू में लिए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। वहीं, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।


