रायपुर, 7 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रदेश के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। इसी क्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं के जमीनी असर का जायजा लिया।

मंत्री टंक राम वर्मा ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर शासकीय योजनाओं से मिल रहे लाभ और उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायत माड़िंग पिड़िंग भूर्सा, जनपद पंचायत मोहला में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने हितग्राही इन्द्र कुमार पिता मदन लाल के निर्माणाधीन आवास का अवलोकन किया। वर्ष 2025-26 के तहत स्वीकृत इस पक्के आवास के लिए हितग्राही को 1 लाख 20 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। साथ ही परिवार को 90 दिनों का मनरेगा रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

योजनाओं से बदली परिवार की तस्वीर

हितग्राही परिवार की हेमेश्वरी ने सरकार की योजनाओं से मिले लाभ को साझा करते हुए बताया कि एकीकृत कल्याणकारी योजनाओं से उनके परिवार की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से परिवार को सुरक्षित और पक्का मकान मिल रहा है। वहीं उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन मिलने से धुएं से राहत मिली है। जल जीवन मिशन के माध्यम से घर में ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

इसके अलावा महतारी वंदन योजना से हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के स्वावलंबन का महत्वपूर्ण आधार बनी है। इस राशि का उपयोग परिवार की दैनिक जरूरतों और बच्चों की देखभाल में किया जा रहा है।

अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

हितग्राहियों के अनुभव सुनकर मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मूलमंत्र पर काम कर रही है। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि जब किसी ग्रामीण परिवार को पक्का मकान, रसोई गैस, घर पर शुद्ध पेयजल और महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का लाभ मिलता है, तब सुशासन और समावेशी विकास की संकल्पना वास्तविक रूप लेती है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक पात्र नागरिक को उसका हक और सम्मान दिलाने के लिए पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निरंतर काम कर रही है।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts