रायपुर, 7 अक्टूबर 2026

कवर्धा-बेमेतरा मार्ग पर सड़क के बीच गौवंश को बैठे देखकर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। कवर्धा जाते समय उन्होंने मंगलवार देर रात बेमेतरा टोल प्लाजा के पास अपना वाहन रुकवाकर अधिकारियों से हाइवे पेट्रोलिंग व्यवस्था की जानकारी ली।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप हाइवे पेट्रोलिंग वाहन द्वारा किए जा रहे नियमित निरीक्षण के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग किए जाने की जानकारी देने पर उन्होंने पेट्रोलिंग वाहन को तत्काल मौके पर बुलवाया।

विजय शर्मा ने पेट्रोलिंग टीम से अब तक किए गए पशु रेस्क्यू ऑपरेशन, प्रतिदिन किए जा रहे निरीक्षण और अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कवर्धा से बेमेतरा तक मार्ग में आने वाले गांवों के स्थानीय लोगों के माध्यम से पेट्रोलिंग वाहन की गतिविधियों की नियमित जानकारी ली जाए।

उप मुख्यमंत्री ने सड़क पर पशुओं की मौजूदगी को लेकर विभागीय अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए हाइवे पर नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर बैठे या विचरण कर रहे पशुओं को तत्परता से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सड़क पर पशुओं की मौजूदगी से गौवंश के साथ वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। विशेषकर रात के समय कम दृश्यता के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए पेट्रोलिंग दल को लगातार मार्ग का निरीक्षण करते हुए पशु दिखाई देने पर उन्हें सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाने की कार्रवाई करनी होगी।

विजय शर्मा ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सड़क सुरक्षा और गौवंश की रक्षा के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पेट्रोलिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने और उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts