रायपुर, 08 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल की जा रही है। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम कंडोरा में फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू करने की तैयारी है। कॉलेज में 50 सीटों पर इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू करने की तैयारी है।
करीब 1.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हाईस्कूल भवन में कॉलेज का प्रारंभिक संचालन किया जाएगा। इससे पहले से निर्मित अधोसंरचना का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होने के साथ जिले के विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी जैसी व्यावसायिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी।
50 सीटों पर प्रवेश, स्थानीय विद्यार्थियों को मिलेगा अवसर
फिजियोथेरेपी कॉलेज शुरू होने से जशपुर और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर बनाने का नया अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी की सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
स्थानीय स्तर पर कॉलेज शुरू होने से विद्यार्थियों की अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी। साथ ही स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होने से भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
मरीजों को भी मिलेगा फिजियोथेरेपी सुविधाओं का लाभ
फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना का लाभ केवल विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा। जिले में फिजियोथेरेपी उपचार सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। वर्तमान में कई मरीजों को उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है।
कॉलेज के माध्यम से प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होने के साथ स्थानीय स्तर पर फिजियोथेरेपी सेवाओं के विकास को भी गति मिलने की संभावना है। इससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
चराईडांड में 13.93 करोड़ रुपये से बनेगा स्थायी हाईटेक कैंपस
फिजियोथेरेपी कॉलेज के लिए चराईडांड के पास करीब 13.93 करोड़ रुपये की लागत से स्थायी हाईटेक कैंपस विकसित करने की योजना है। स्थायी परिसर का निर्माण पूरा होने तक कंडोरा में पहले से तैयार भवन का उपयोग कॉलेज संचालन के लिए किया जाएगा।
स्थायी हाईटेक कैंपस बनने के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक अधोसंरचना और बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे जशपुर में स्वास्थ्य शिक्षा की क्षमता का और विस्तार होगा।
कंडोरा में फिजियोथेरेपी कॉलेज की प्रस्तावित शुरुआत जशपुर के युवाओं को उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके साथ ही भविष्य में जिले में फिजियोथेरेपी उपचार सुविधाओं के विस्तार को भी गति मिलने की उम्मीद है।


