रायपुर, 22 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में बंदियों के सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण पूरा करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इनमें 40 पुरुष बंदियों ने कंप्यूटर शिक्षा और 30 महिला बंदियों ने ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

यह पहल बंदियों को जेल से रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से की गई है।

40 पुरुष बंदियों ने सीखा कंप्यूटर, 30 महिलाओं ने लिया ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इसके अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ का प्रशिक्षण दिया गया, जबकि 30 महिला बंदियों ने ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के तहत ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

कौशल प्रशिक्षण से बंदियों के जीवन में आएगा सकारात्मक बदलाव : हिमांशु गुप्ता

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में सार्थक पहल है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का महत्वपूर्ण आधार है। इससे बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास बढ़ेगा। वहीं महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण मिलने से वे रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

महानिदेशक ने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार पाने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी सशक्त जरिया है। बंदियों को उपयोगी हुनर से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें समाज में सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

शिक्षा और हुनर से खुलेंगे आत्मनिर्भरता के नए रास्ते

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता के माध्यम से बंदी भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।

जेलों को सुधार और पुनर्वास केंद्र बनाने की पहल

उल्लेखनीय है कि ‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों को शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और पुनर्वास को प्रोत्साहित करना है।

इस तरह के प्रशिक्षण से बंदियों को जेल में बिताए जा रहे समय का रचनात्मक उपयोग करने के साथ रिहाई के बाद आत्मनिर्भर जीवन की शुरुआत करने का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts