रायपुर, 22 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में पटवारियों की राज्यव्यापी हड़ताल फिलहाल स्थगित हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और पटवारी संघ के पदाधिकारियों के साथ हुई सकारात्मक चर्चा के बाद संघ ने हड़ताल स्थगित करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने पटवारियों की मांगों पर विचार करते हुए उनके निराकरण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री निवास में रविवार को छत्तीसगढ़ पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक सुना।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान संवाद और आपसी समझ के माध्यम से किया जाना चाहिए। राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनके उचित निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। यह समिति मांगों से जुड़े विभिन्न पहलुओं का परीक्षण करेगी और उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करेगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि के दौरान हुई कार्यवाहियों के संबंध में भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सकारात्मक बातचीत और आपसी समझ से किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और समिति गठन के निर्देशों के बाद पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts