रायपुर, 26 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित और रोजगारोन्मुखी बनाने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, उच्च शिक्षा मिशन, उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना, इंटर्नशिप, भर्ती प्रक्रिया, डिजिटल नवाचार और शैक्षणिक अधोसंरचना के विकास की समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उच्च शिक्षण संस्थानों को ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षा एवं तकनीकी सुविधाओं का समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि शिक्षा को व्यावहारिक ज्ञान, कौशल और रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उत्कृष्टता केंद्र, इंटर्नशिप नीति, अंग्रेजी संप्रेषण कौशल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।

30 महाविद्यालय बनेंगे उत्कृष्टता केंद्र

प्रदेश के 30 महाविद्यालयों को शिक्षण एवं अनुसंधान के उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आधुनिक प्रयोगशालाएं, उन्नत पुस्तकालय और स्मार्ट क्लासरूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यार्थियों के कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इसके लिए वर्तमान बजट में प्रत्येक महाविद्यालय को आधुनिक उपकरण, मशीन, सामग्री और सम्मेलन के लिए 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। आगामी दो वर्षों में डिजिटलीकरण एवं निर्माण कार्यों के लिए प्रति महाविद्यालय 10 करोड़ रुपये की मांग प्रस्तावित है।

उच्च शिक्षा मिशन के लिए 50 करोड़ रुपये

छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन और उच्च शिक्षा में सकल नामांकन अनुपात बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

वर्तमान में प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात 24.5 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय औसत 30 प्रतिशत है। वर्ष 2035 तक इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

1.40 लाख विद्यार्थियों को मिलेगी इंटर्नशिप

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप तैयार इंटर्नशिप संचालन नीति-2026 को राज्यपाल की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके तहत लगभग 1.40 लाख स्नातक विद्यार्थियों को दो क्रेडिट की 60 घंटे की अनिवार्य इंटर्नशिप से जोड़ने की तैयारी है।

विद्यार्थियों को उद्योगों, कॉर्पोरेट संस्थानों, शैक्षणिक परियोजनाओं, स्थानीय उद्योगों और सामुदायिक संगठनों में व्यावहारिक कार्यानुभव प्राप्त होगा। इसके लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में इंटर्नशिप सेल गठित किए जा रहे हैं।

148 महाविद्यालयों में 10 हजार विद्यार्थियों को अंग्रेजी प्रशिक्षण

प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के 148 शासकीय महाविद्यालयों में 90 घंटे का कम्युनिकेटिव इंग्लिश कोर्स संचालित किया जा रहा है। इसमें लगभग 10 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को अंग्रेजी संवाद, विचार अभिव्यक्ति और व्यावहारिक अंग्रेजी का ज्ञान दिया जा रहा है।

गूगल के सहयोग से मिलेगा एआई प्रशिक्षण

उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच समझौता किया गया है।

पहले चरण में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक प्राध्यापकों और उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एआई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है। आगामी चरण में शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों के शैक्षणिक स्टाफ के लिए 10 अतिरिक्त निःशुल्क ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।

एआई का उपयोग बहुभाषी अध्ययन सामग्री, पाठ योजना, मूल्यांकन, अनुसंधान और प्रशासनिक कार्यों में किया जाएगा।

1295 पदों पर भर्ती की पहल, 362 सहायक प्राध्यापक पदोन्नत

प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्राध्यापक के 595 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में जारी है। इसके अलावा सहायक प्राध्यापक के 625, ग्रंथपाल के 50 और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों सहित कुल 700 पदों पर सीधी भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है।

इस प्रकार कुल 1295 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं, लंबित पदोन्नति प्रकरणों का निराकरण करते हुए 362 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक पद पर पदोन्नति दी गई है। दिसंबर में 143 पात्र सहायक प्राध्यापकों की पदोन्नति का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शिक्षण व्यवस्था सुचारू रखने के लिए 3236 अतिथि व्याख्याताओं की व्यवस्था की गई है। पिछले तीन वर्षों में 398 अराजपत्रित कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। प्रयोगशाला तकनीशियन के 260 और प्रयोगशाला परिचारक के 430 पदों सहित कुल 690 पदों पर भर्ती एवं पदस्थापना की गई है। इसके अलावा 48 आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी गई है।

विश्वविद्यालयों में नए विभाग और पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी

अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर में 23 नए विभागों एवं पाठ्यक्रमों की स्थापना के लिए 280 शैक्षणिक और अशैक्षणिक पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए 38.50 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है।

शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ में 49 नए शैक्षणिक पदों तथा संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा में बी.फार्मा और एम.फार्मा पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए 49 पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर में भी 17 नए शैक्षणिक पदों की स्वीकृति का प्रस्ताव है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षा व्यवस्था में बदलाव

प्रदेश में जुलाई 2024 से प्रमुख स्नातक पाठ्यक्रमों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू की गई है। इसके तहत सेमेस्टर एवं क्रेडिट आधारित व्यवस्था, बहुप्रवेश-बहुनिर्गम प्रणाली और सतत आंतरिक मूल्यांकन को अपनाया गया है।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 से चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम का पांचवां सेमेस्टर शुरू किया गया है। वहीं, एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम का अध्यादेश अनुमोदन के बाद विश्वविद्यालयों में लागू किया गया है। पाठ्यक्रमों के अद्यतीकरण के लिए 37 विषयों में केंद्रीय अध्ययन मंडलों का पुनर्गठन किया गया है।

पीएम उषा और रूसा से मजबूत होंगे उच्च शिक्षण संस्थान

प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम उषा) के तहत प्रदेश में 21 परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें से 16 पर कार्य जारी है। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय बस्तर को बहुविषयक शिक्षा एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है।

राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) 1.0 एवं 2.0 की सभी परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पांचवें राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन की अनुशंसाओं के तहत उच्च शिक्षा विभाग को मिले 28 बिंदुओं में से 20 पर कार्रवाई पूरी कर ली गई है। शेष पहलों के लिए लगभग 147.25 करोड़ रुपये की वित्तीय आवश्यकता का आकलन किया गया है।

एकीकृत प्रवेश पोर्टल और ई-ज्ञानार्जन से डिजिटल होगी शिक्षा

उच्च शिक्षा से जुड़ी सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य स्तरीय एकीकृत प्रवेश पोर्टल विकसित किया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को अलग-अलग विश्वविद्यालयों के पोर्टल पर आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।

ई-ज्ञानार्जन मोबाइल ऐप के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही डिजिलॉकर, आधार आधारित प्रमाणीकरण, व्हाट्सएप आधारित सूचना प्रणाली और एचई-ऑनलाइन पोर्टल का उन्नयन किया जा रहा है। शासकीय महाविद्यालयों में भी ई-ऑफिस व्यवस्था लागू की गई है।

प्रदेश में वर्तमान में 348 शासकीय और 329 निजी महाविद्यालय तथा नौ राजकीय और 20 निजी विश्वविद्यालय संचालित हैं।

बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह, उच्च शिक्षा सचिव अविनाश चंपावत, उच्च शिक्षा आयुक्त रीता यादव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts