रायपुर, 27 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को जल्द ही नया अध्यक्ष मिल सकता है। राज्य सरकार ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कावरे को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त करने पर सहमति जता दी है। उनकी नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव को अनुमोदन के लिए राजभवन भेज दिया गया है। अब राज्यपाल की मंजूरी मिलने के बाद नियुक्ति का आधिकारिक आदेश जारी किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, CGPSC अध्यक्ष पद के लिए सरकार के पास सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कावरे और सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गे के नाम विचाराधीन थे। इनमें महादेव कावरे के नाम को प्राथमिकता दी गई है। यदि उनकी नियुक्ति होती है, तो वे मई 2028 तक आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

62 वर्ष निर्धारित है अध्यक्ष पद की अधिकतम आयु सीमा

महादेव कावरे का जन्म 18 मई 1966 को हुआ था। वर्तमान में उनकी उम्र करीब 60 वर्ष छह महीने है। आयोग के अध्यक्ष पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष निर्धारित है। इस लिहाज से नियुक्ति होने पर वे मई 2028 तक इस पद पर रह सकेंगे।

अध्यक्ष का पद खाली होने से कई मामले लंबित

CGPSC में अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े कई मामले लंबित हैं। नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर कर्मचारी-अधिकारी संगठनों ने भी सरकार और राजभवन से जल्द निर्णय लेने की मांग की है।

कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के अध्यक्ष कमल वर्मा ने मुख्यमंत्री के बाद राज्यपाल को भी पत्र लिखकर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया है। वहीं, राजपत्रित अधिकारी संघ ने भी लंबित मामलों के निराकरण के लिए आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति शीघ्र करने की मांग उठाई है।

कलेक्टर से संभागायुक्त तक संभाल चुके हैं जिम्मेदारी

महादेव कावरे 2008 बैच के आईएएस अधिकारी रहे हैं। अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी निभाई है। वे बेमेतरा और जशपुर जिले के कलेक्टर रह चुके हैं। इसके अलावा दुर्ग और रायपुर संभाग के संभागायुक्त के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

कावरे ने आवास एवं पर्यावरण विभाग और वाणिज्यिक कर विभाग में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। अब CGPSC के अध्यक्ष पद पर उनकी संभावित नियुक्ति को लेकर सभी की निगाहें राजभवन की मंजूरी पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts